कटड़ा। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के जम्मू क्षेत्र चैप्टर के अध्यक्ष राकेश वजीर ने बजट पूर्व बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को ज्ञापन सौंपा।
केंद्र शासित प्रदेश में व्यापार, वाणिज्य, उद्योग और पर्यटन के अस्तित्व, संवर्धन और पुनरुद्धार के उद्देश्य से तत्काल मांगों और रचनात्मक सुझाव पर प्रकाश डाला।
ज्ञापन में उद्यमियों पर विशेष ध्यान देने, होटल के नवीनीकरण और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के उन्नयन को शामिल करने और औद्योगिक पैकेज-2017 के समान पर्याप्त विस्तार लाभ को बहाल करने के साथ नई केंद्रीय क्षेत्र योजना को सितंबर 2024 के बाद भी विस्तारित करने की मांग की गई। पीएचडीसीसीआई ने सरकार से होटलों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, बोर्डिंग स्कूलों और आतिथ्य संस्थानों जैसे पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाले निवेशों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। चैंबर ने विनिर्माण इकाइयों के समान होटल उद्योग को जीएसटी और औद्योगिक बिजली शुल्क की प्रतिपूर्ति की भी मांग की।
आटा मिलिंग उद्योग की दुर्दशा को उजागर करते हुए मिल मालिकों द्वारा खरीदे गए गेहूं पर पंजाब द्वारा लगाए गए छह फीसदी मंडी शुल्क पर चिंता व्यक्त की। कटड़ा में लाइट एंड साउंड शो, मानसर झील का सौंदर्यीकरण, पर्यटन संग्रहालय की स्थापना, एकीकृत टूर पैकेज, बेहतर प्रचार और परिक्रमा यात्रा तथा पारंपरिक तीर्थ मार्गों का प्रचार सहित अन्य सुझाव दिए।
इसके अलावा कटड़ा में उच्च शूटिंग शुल्क को हटाकर फिल्म पर्यटन को पुनर्जीवित करने, 10 करोड़ की समर्पित जल आपूर्ति योजना को शीघ्र शुरू करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मुद्दे को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि हर मसले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।