उधमपुर। एमजी मनरेगा का नाम बदलने को लेकर विपक्षी दल सड़कों पर है। दूसरी ओर भाजपा नए नाम के साथ वीबी-जी राम जी में बदलाव और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जन जागरूकता अभियान छेड़ चुकी है। इसके जरिये मजदूरों, किसानों सहित कुशल और अर्ध कुशल श्रमिकों को लाभ की जानकारी दी जा रही है।
सोमवार को भाजपा कार्यालय में विधायक पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकार ने देश की सबसे बड़ी ग्रामीण रोजगार योजना एमजी मनरेगा का नाम बदलकर वीबी-जी राम जी रखने का प्रस्ताव पारित किया है। केवल नाम ही नहीं बदला, बल्कि रोजगार के नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। योजना की निगरानी, अमल में लाना सब ग्राम सभा के अधीन कर दिया गया है। योजना को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण के नाम से जाना जाएगा। सालाना 100 दिन की बजाय 125 दिन तक रोजगार मिलेगा।
केंद्र सरकार ने 2025-26 के लिए जम्मू-कश्मीर में मनरेगा के काम के दिनों की सीमा 150 दिन तक बढ़ा दी है, खासकर उन ग्रामीण इलाकों में जो बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हैं। हमें योजना के नाम पर नहीं, बल्कि काम और असल नतीजों पर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर विधायक आरएस पठानिया, विधायक सुनील भारद्वाज, विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया, विधायक पवन कुमार गुप्ता और भाजपा के जिला अध्यक्ष अरुण गुप्ता उपस्थित थे।