उधमपुर। जिला बाल संरक्षण अधिकारी कनिका गुप्ता के पर्यवेक्षण में एक सफल बचाव अभियान चलाया गया। इसके तहत बसंतगढ़ तहसील के रसली गदरां क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बाल विवाह से बचाया गया।
बीते सोमवार को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर बाल विवाह की कॉल आई। चाइल्ड हेल्पलाइन ने तुरंत मामले की पुष्टि की और दस्तावेजी साक्ष्य प्राप्त करने के बाद बच्ची की आयु 16 वर्ष होने की पुष्टि की। चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक और परामर्शदाता ने डीसीपीओ और एक बचाव दल को सूचित किया। इसमें चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक, परामर्शदाता और केस वर्कर, संरक्षण अधिकारी एनआईसी पूनम और डीसीपीयू के सामाजिक कार्यकर्ता गौरव, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बसंतगढ़ पुलिस थाना की टीम थी। नाबालिग लड़की का विवाह रुकवाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समक्ष पेश किया गया। सीडब्ल्यूसी ने बच्ची को अस्थायी आश्रय के लिए वन स्टॉप सेंटर में रखा है।