उधमपुर। पंचैरी तहसील में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कैंथगली में आरडीडी हॉल और एक एलईडी स्क्रीन का उद्घाटन किया। यह एलईडी डिस्प्ले 24×7 पर्यटक सूचना मार्गदर्शिका के रूप में कार्य करेगी, जो आगंतुकों को क्षेत्र के पर्यटन स्थलों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करेगी।
पंचैरी के लोग क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए काफी समय से मांग कर रहे हैं, प्रशासन की ओर किए जा रहे इन प्रयासों से क्षेत्र में पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त सलोनी राय ने पंचैरी ब्लॉक की चुलना पंचायत में आयोजित साप्ताहिक ब्लॉक दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इसमें डीडीसी सदस्य जसवीर सिंह, पूर्व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिन्होंने क्षेत्र की महत्वपूर्ण विकासात्मक आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से विभिन्न मुद्दों और मांगों को सामने रखा।
जनसंपर्क के दौरान लोगों ने कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं, जिनमें पीएचसी पंचैरी को सीएचसी में अपग्रेड करना, कैंथगली सड़क की मरम्मत, बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त चोबू नाले की बहाली, पंचैरी पीएमजीएसवाई उप-मंडल को उधमपुर से जोड़ना शामिल है।
इसके अलावा पीएमजीएसवाई के चौथे सर्वेक्षण में तेजी लाना, विभागों में कर्मचारियों की कमी को दूर करना, क्षेत्र में स्कूल के समय में संशोधन, पंचैरी में जेके बैंक एटीएम की स्थापना, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत, पंचायत घर का निर्माण तुरंत शुरू करना, क्षेत्र के लिए एक एम्बुलेंस की तैनाती, उपलब्ध एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधाओं को चालू करना, मद्याल में एक फुटब्रिज का निर्माण, एक स्वास्थ्य उप-केंद्र की स्थापना करना है।
वहीं एमएस मीर सारथी सहित मिडिल स्कूलों को हाई स्कूलों में अपग्रेड करना, वन क्षेत्रों में फुटपाथों का विकास, सप्लाई मोड़-मालती सड़क निर्माण की निगरानी, अग्निशमन केंद्र की स्थापना, सरकारी कार्यालयों में रिक्त पदों की पूर्ति, पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण कार्यों के लिए मुआवजा प्रदान करना, पैराग्लाइडिंग के अवसरों की खोज और पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटन आकर्षण स्थलों का विकास, कैंथगली-कुंती सड़क के शेष 2 किलोमीटर का जीर्णोद्धार, पंचैरी में आवास निर्माण के लिए लकड़ी का आवंटन, संकरी-नत्थाटॉप सड़क का निर्माण आदि शामिल थीं।