उधमपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) उत्तरी कमान इंटर क्लस्टर बास्केटबाल टूर्नामेंट का आयोजन आर्मी पब्लिक स्कूल उधमपुर में किया गया। प्रतियोगिता उत्तरी कमान के क्लस्टर ए और क्लस्टर बी के विजेताओं के बीच खेली गई। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल प्रयागराज क्लस्टर बी ने आर्मी पब्लिक स्कूल, उधमपुर क्लस्टर ए को हराया।
वहीं बालिका वर्ग में खिताबी भिड़ंत में आर्मी पब्लिक स्कूल कानपुर क्लस्टर बी ने आर्मी पब्लिक स्कूल, धार रोड क्लस्टर ए को हराकर खिताब अपने नाम किया।
स्कूल प्राचार्य डॉक्टर संजीव कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य प्रतिभागी खिलाड़ियों में खेल भावना, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तरी कमान के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय को सुदृढ़ करना है। उन्होंने सभी बाल खिलाड़ियों के शानदार खेल और खेल भावना की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह भारत के सुनहरे भविष्य हैं जो खेल जगत में अपनी अदम्य कला कौशलता को दर्शाते हुए नये कीर्तिमान स्थापित करेंगे।