उधमपुर। उधमपुर के फेंसर्स ने कुपवाड़ा फेंसिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। उधमपुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 13 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक जीते।
प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें लड़कियाें के एकल मुकाबले में प्रियंशी, आदिया, भविष्या, अवनया, संप्रिति ने स्वर्ण पदक जीते। देविका ने रजत, जबकि शिव्यांशी और उत्कर्षा ने कांस्य पदक हासिल किए।
टीम मुकाबले में प्रियंशी, देविका, शिव्यांशी तथा आदिया, उत्कर्षा, आन्या की टीमों ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि लड़कों में रोहन और इकजास ने स्वर्ण, युवन ने रजत और अरविंद ने कांस्य पदक जीता। कोच राहुल पराशर ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी अभिभावकों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे उधमपुर की जीत है। उन्होंने उधमपुर फेंसिंग एसोसिएशन और जम्मू-कश्मीर फेंसिंग एसोसिएशन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।