उधमपुर। रेहंबल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिब मोड़ पर कार की चपेट में आने से दो बाइकों पर सवार 4 युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार एक अनियंत्रित कार ने जिब मोड़ पर दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 4 युवक घायल हो गए। मौके पर मौजूदा स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जीएमसी उधमपुर भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान वरुण (18) पुत्र पुरुषोत्तम कुमार निवासी कैंबल डंगा, रोहित शर्मा (19) पुत्र रजिंद्र कुमार निवासी जिब, कृष (13) पुत्र सुदेश कुमार निवासी कैंबल डंगा और रोहित (15) पुत्र रमेश चंद्र निवासी कैंबल डंगा के रूप में की गई है। सभी का उपचार जारी है। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।