उधमपुर। सावन के पहले सोमवार को देविकानगरी के शिव मंदिरों में सुबह व शाम पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दिन भर शहर का वातावरण शिवमय रहा। शाम को मंदिरों में भगवान शिव के भजन सुनाई दे रहे थे। लोगों ने सावन के पहले सोमवार का व्रत भी रखा।
देविका तट पर स्थित आप शंभू शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई थी। सबसे पहले श्रद्धालुओं ने देविका स्थित बावलियों में स्नान किया और भगवान शिव के दर्शन करने के लिए मंदिरों में पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने बारी बारी से भगवान शिव की पूजा की और अपने परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
सुबह करीब 11 बजे तक भक्तों का मंदिर में पहुंचना लगा रहा। जो श्रद्धालु सुबह मंदिर में पूजन नहीं कर सके, वे शाम को पहुंचे। शाम को भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। देविका के अलावा जिब स्थित शिव मंदिर में भी सुबह व शाम को काफी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे। इसके साथ बाबा लाल दयाल मंदिर में मौजूद शिवलिंग पर भी लोगों ने जल चढ़ाकर पूजन किया।
मंदिरों में पूजन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को सावन के सोमवार की जानकारी देते हुए पुजारियों ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का पूजन बहुत महत्व रखता है। इस दिन भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस पूरे माह में चार सोमवार आएंगे।