रियासी। महादेव मोहल्ले से गड़ाल की तरफ जाने वाला एकमात्र मुख्य सड़क मार्ग खस्ताहाल स्थिति में है। लगभग दो किलोमीटर लंबाई वाले इस सड़क मार्ग पर महादेव के आप शंभू मंदिर और एक्सचेंज रोड पर गड्ढे हैं। एक मोड़ पर तो सड़क मार्ग का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त है, जहां से वाहनों का निकलना भी मुश्किल है।
स्थानीय निवासी सुनील बाली और राकेश कुमार के अलावा वाहन चालक विपिन ने बताया कि कई जगहों पर नई सड़कें बन रही हैं। नगर के आसपास कई पुरानी सड़कों पर भी तारकोल डालकर उनकी हालत को ठीक किया गया है। महादेव मोहल्ले का यह सड़क मार्ग नगर के कई प्रमुख स्थानों को आपस में जोड़ता है। मुख्य बाजार की तरफ आने वाली गली भी यहीं से जाती है। रोजाना काफी लोग आप शंभू मंदिर में भी पूजा करने आते हैं। स्थानीय लोगों के लिए सड़क से उड़ने वाली धूल मिट्टी परेशानी का कारण बनी हुई है। इसके अलावा गड्ढे वाहन चालकों के लिए समस्या बने हुए हैं। मोड़ पर आए दिन कोई न कोई दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग को चाहिए कि वह उक्त सड़क मार्ग को ठीक करवाने के साथ ही उस पर तारकोल डाले ताकि लोगों की परेशानी दूर हो सके।