किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में शुक्रवार को वार्षिक बलिदान एवं शहीदी दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरकूट स्थित गौरी शंकर मंदिर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए सेना, पुलिस, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम से पहले संवेदनशील हिडियाल चौक पर एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। यहां प्रतिपक्ष नेता एवं पूर्व मंत्री सुनील कुमार शर्मा, विधायक किश्तवाड़ शगुन परिहार तथा डॉ. विक्रांत सहित आरएसएस प्रदेश सह संघचालक व अन्य गणमान्य लोगों ने तिरंगा फहराया। इस दौरान भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हिडियाल चौक कभी ऐसा स्थान था जहां तिरंगा फहराने की अनुमति नहीं दी जाती थी। आज किश्तवाड़ में शांति और सामान्य माहौल स्थापित होने के बाद उसी स्थान पर गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव उन शहीदों के बलिदान का परिणाम है जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राण न्यौछावर किए। बताया गया कि वहां स्थापित तिरंगे और संबंधित कार्यों के लिए विधायक शगुन परिहार द्वारा विशेष सहयोग और आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इसके बाद सरकूट मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सुनील कुमार शर्मा, विधायक शगुन परिहार और डॉ. विक्रांत ने सभी शहीदों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में आतंकवाद के दौर में शहीद हुए सतीश भंडारी, चंद्रकांत शर्मा, अनिल परिहार और चमन लाल सहित कई अन्य लोगों को विशेष रूप से याद किया गया। उपस्थित लोगों ने शहीदों के चित्रों और स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं तथा शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने भी भाग लिया। देशभक्ति गीतों व कविताओं के माध्यम से शहीदों को नमन किया। भारतीय विद्या मंदिर, आदर्श बाल निकेतन, एसडीएम व बीआर आंबेडकर स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।