सांसद लापता होने के पोस्टर लगाते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : reasi news
रियासी। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के प्रमुख चौक, चौराहों और बस स्टैंड पर जम्मू-रियासी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा के लापता होने के पोस्टर लगाए। इसके जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कों और रोजगार जैसे प्रमुख जन मुद्दों पर निष्क्रियता को उजागर किया गया।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस के राज्य सचिव करन दीप सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्थानीय निवासी इन आवश्यक क्षेत्रों की अनदेखी से लगातार परेशान हैं। इससे जन असंतोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने भी अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि चिंता जायज है और सांसद को इलाके में जन मुद्दों पर सक्रिय रूप से ध्यान देते हुए कम ही देखा गया है। बताते दें कि स्थानीय लोगों ने केंद्रीय विद्यालय खोले जाने के साथ ही खस्ताहाल स्थिति में पड़े पर्यटन स्थलों को ठीक कर क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर लाने की मांग रखी है। इसके अलावा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की भी पुरजोर मांग जारी है। लगातार अनदेखी के चलते स्थानीय लोगों में रोष की स्थिति पनपी हुई है।