रियासी। श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस डेरा बाबा बंदा बहादुर में मंगलवार को मनाया गया। गुरुद्वारा परिसर में गुरुद्वारा साहिब के रागी भाई शमशेर सिंह ने कीर्तन से संगत को निहाल किया।
विज्ञापन
डेरा बाबा बंदा सिंह बहादुर के गद्दीनशीं बाबा जतिंदर पाल सिंह सोढी ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि इन्होंने धर्म की रक्षा के लिए चांदनी चौक दिल्ली में अपनी शहीदी दी। इनके साथ भाई मति दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी भी शहीद हुए। भाई मती दास को आरे के साथ चीरा गया, वहीं भाई सती दास को रुई में लिपटा के आग लगा दी गई और भाई दयाला जी को देग में उबाल दिया गया। इन शहीदों के कारण ही आज हम लोग सुख और शांति से रह रहे हैं। गुरु तेग बहादुर जी को हिंद की चादर कहा गया है। इस मौके पर गुरु तेग बहादुर जी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।