किश्तवाड़। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने मंगलवार को मढ़वा उपमंडल के दूरस्थ गांव अस्तान गाम के किसान मुनीब हुसैन शेख को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी।
यह लाभ होलिस्टिक कृषि विकास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 की कृषि मशीनीकरण और स्वचालन योजना के अंतर्गत प्रदान किया गया है।
इसके तहत किसान को कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया गया है, जिसकी अधिकतम सीमा साढ़े चार लाख रुपये निर्धारित है। इस योजना का उद्देश्य जिले के दुर्गम क्षेत्रों में आधुनिक और सरल कृषि तकनीक को बढ़ावा देना है।
चाबी सौंपने के दौरान उपायुक्त ने लाभार्थी किसान से इस मशीनरी के उपयोग संबंधी जानकारी ली और कहा कि इससे किसानों की मेहनत कम होगी, समय की बचत होगी तथा खेतों में अधिक कुशलता के साथ काम किया जा सकेगा। इस योजना के अंतर्गत जिले में अब तक पांच किसान ट्रैक्टर प्राप्त कर चुके हैं, जो प्रशासन की कृषि आधुनिकीकरण को गति देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वर्तमान में कृषि विभाग इस योजना के विभिन्न घटकों के अंतर्गत किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करवा रहा है। इस अवसर पर उपायुक्त किश्तवाड़ ने किसानों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाएं, क्योंकि मशीनीकृत खेती से उत्पादन बढ़ता है, लागत घटती है और कृषि कार्य समय पर तथा सुचारू रूप से संभव हो पाता है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य योजना अधिकारी अखिल ठाकुर, जिला कृषि अधिकारी राजेश्वर सिंह राणा, क्षेत्रीय कृषि अधिकारी मंजूर अहमद जरगर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।