रियासी का बस अड्डा और बनी इमारत जिस का जीर्णोद्धार होगा।
- फोटो : reasi news
रियासी। नगर के मुख्य बस अड्डे के साथ ही वहां बने शॉपिंग कांप्लेक्स की हालात में सुधार के लिए तीन करोड़ रुपए खर्च होंगे। पहले चरण में एक करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इसका टेंडर भी निकाला गया है। वार्ड चार में बने बस अड्डे पर जिले के सभी स्थानों से आने वाले वाहन खड़े होते हैं। मिनी बस को भी इसी बस अड्डे पर खड़ा किया जाता है।
बस अड्डे के पास दो मंजिला एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी तीन दशक पहले बनाया गया था। कॉम्प्लेक्स के निचले हिस्से में दुकानें हैं तो ऊपर के हिस्से में कई बैंकों की शाखाएं खुली हैं। मौजूदा समय के दौरान शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की खस्ताहाल स्थिति में सुधार लाने के लिए तीन करोड़ रुपये कैपेक्स बजट से खर्च होंगे। कांप्लेक्स की इमारत का जीर्णोद्धार किए जाने के साथ ही उसके सभी तरफ शीशे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य कई विकास कार्यों को भी करवाया जाएगा।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी ने बताया कि उनके कार्यकाल के समय भी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित हुआ था। एक करोड़ चालीस लाख रुपये जारी हुए थे, लेकिन किसी कारणवश काम शुरू नहीं हुआ व जारी फंड्स वापस चले गए।
पूर्व चेयरमैन ने बताया कि इस संदर्भ में विधायक कुलदीप राज से बात करने के बाद दोबारा से पैसा रिलीज़ हुआ है। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हुई है। एक दो दिन में टेंडर खुलने की उम्मीद है। जल्द ही काम शुरू होगा जिसका लाभ लोगों को मिलेगा।