रियासी। नगर के विभिन्न स्कूलों में दीपावली त्योहार धूमधाम से मनाया गया। स्कूलों में बच्चे रंग बिरंगे परिधान पहन कर पहुंचे। किड्स ड्रीमलैंड स्कूल में बच्चों ने रंगोली बनाई। इसके साथ ही पटाखे भी फोड़े। बच्चों ने एक दूसरे का मुंह मीठा करवा दिवाली की बधाई दी। राम सीता लक्ष्मण व हनुमान की एक सुंदर झांकी भी निकाली गई।
स्थानीय गुरुकुल हायर सेकेंडरी स्कूल में भी दीपावली पर्व मनाया गया। स्कूल के बच्चों ने श्री रामचरितमानस के कुछ प्रमुख दृश्यों को मंचित किया। स्कूल के विद्यार्थियों ने राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और शबरी के किरदारों को निभाया। बच्चों ने सामूहिक व एकल रूप से गेम भी प्रस्तुत किए। स्कूल प्रबंधन की तरफ से बच्चों को मिठाई व खाने पीने का सामान वितरित किया गया।