रियासी। देश के लिए बलिदान जवानों की याद में गीता नगर स्थित जिला पुलिस लाइन में वीरवार को क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत इंडियन रिजर्व पुलिस की तरफ से करवाई गई। वीरवार को हुए पहले मैच में नृसिंह क्रिकेट क्लब सलाल ने थनपाल की टीम को हराया वहीं दूसरे मैच में गीता नगर पैंथर्स की टीम ने नेशनल क्रिकेट क्लब (एनसीसी) को नौ विकेट से हराया।
दूसरे मैच में एनसीसी की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में सभी विकेट के नुकसान पर सिर्फ 81 रन बनाए। बल्लेबाज विनोद ने सर्वाधिक 37 व ध्रुव ने 11 रन बनाए। गीता नगर के गेंदबाज अमित शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके वहीं रोहित को एक और डॉक्टर शालीन को दो विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करते हुए गीतानगर की टीम ने 7.1 ओवर में सिर्फ एक विकेट खो कर उसे हासिल कर लिया।
बल्लेबाज सलमान रजा ने 25 व राहुल संथाल ने नाबाद 38 रन बनाए। एनसीसी के गेंदबाज रजत ने एक विकेट लिया। गीता नगर पैंथर्स के लिए पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज अमित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले डिप्टी कमिश्नर निधि मलिक ने एसएसपी परमवीर सिंह बटालियन की कमांडेंट अनिता शर्मा की उपस्थिति में प्रतियोगिता को शुरू करवाया।
बलिदान स्मारक पर जवानों को श्रंद्धाजलि देते हुए पुष्प चढ़ाए गए। मौके पर मौजूद सभी लोगों ने राष्ट्रीय गान भी गाया। जिला स्तरीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता में सोलह टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों को आपस में मिलजुल कर खेलने के साथ ही खेलकूद की गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।