रियासी। श्री दुर्गा नाटक मंडली की तरफ से रामलीला की दो विशेष रात्रि का मंचन किया जाएगा। इसमें रामचरितमानस के कुछ खास दृश्यों को दिखाया जाएगा। शनिवार को रामलीला में भगवान श्री राम का राजतिलक होगा, जिसमें सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के साथ झांकी निकाली जाएगी।
रामलीला की विशेष रात्रि मंचन को लेकर बैठक शुक्रवार को मंडली के प्रधान की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर बताया गया कि नौ नवरात्रों के दौरान कलाकारों ने रामलीला में दृश्य मंचित किए। वीरवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। पारंपरिक तरीके से शनिवार को राजतिलक होगा। दो रात्रि को रामलीला के खास दृश्य होंगे। इन दृश्यों में मंडली के पुराने दिग्गज कलाकार अपने अभिनय की छटा बिखेरेंगे। रामलीला व दशहरा के सफलतापूर्वक मंचन के लिए सभी कलाकारों व लोगों का आभार जताया गया।