रियासी। विंटर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को दो मैच खेले गए। इसमें बीसीसी चंद्रकोट और राजपूत रॉयल्स शजरू ने अपने-अपने मैच जीते।
पहले मैच में बीसीसी चंद्रकोट ने माहौर लायंस को 36 रनों से हराया। बीसीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में सभी विकेट खो कर 197 रन बनाए। बल्लेबाज आदिल गुलडान ने 21, नासिर बशीर ने 19, गोकुल गुप्ता ने 18, अंकुश बंदराल ने 59, पंकज वर्मा ने 22 व नासिर रसूल ने 16 रनों का योगदान दिया।
माहौर के गेंदबाज मोहम्मद वसीम, मोहम्मद शाहिद व अरशद मलिक ने दो दो विकेट लिए, वहीं सागर संगोत्रा व इम्तियाज भट्ट को एक एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए माहौर की टीम ने बल्लेबाज शहजाद नईम के शानदार 50 और इम्तियाज भट्ट के 24 रनों की बदौलत अच्छी शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 70 से ज्यादा रन जोड़े। इसके बाद बल्लेबाज आफताब मलिक ने 39, अल्ताफ मलिक ने 10 व आसिफ मलिक ने 18 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन बीस ओवर की समाप्ति पर माहौर लायंस की टीम आठ विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बना पाई। बीसीसी के गेंदबाज डार जुनैद ने तीन, आसिफ मंजूर और पंकज वर्मा ने दो दो तथा अंकुश बंदराल ने एक विकेट लिया। मैच में आल राउंड प्रदर्शन करने वाले अंकुश बंदराल को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
दूसरे मैच में राजपूत रॉयल्स शजरू ने फ्रेंड्स इलेवन बग्गा को 75 रनों से हरा कर एकतरफा जीत दर्ज की। राजपूत रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। बल्लेबाज संचित शर्मा ने 34, संदेश ने 11, दिव्यांश शर्मा ने 55 व शेखर सिंह ने 23 रन बनाए। बग्गा के गेंदबाज शारिक उल इस्लाम, मुझा मलिक, परवाज़ व तारूक सहमत ने एक-एक जबकि शाहिद उल इस्लाम ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बग्गा की टीम के विकेट थोड़े थोड़े अंतराल के बाद गिरते रहे, जिसके चलते पूरी टीम 18.2 ओवर में 93 रनों पर ही सिमट गई। बल्लेबाज शारिक उल इस्लाम ने 15, परवाज़ ने 29 व मंजूर ने 18 रन बनाए। राजपूत रॉयल्स के गेंदबाज दिव्यांश शर्मा ने 3, शेखर सिंह व पवन राजपूत ने दो-दो तथा करुण शर्मा, संचित शर्मा, संदेश ने एक-एक विकेट लिया। दिव्यांश शर्मा को आल राउंड खेल के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।