डोडा। जम्मू-कश्मीर के परिवहन आयुक्त विशेष पॉल महाजन ने सोमवार को जिला डोडा में सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। इसमें संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान, क्रैश बैरियर लगाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) के तत्वावधान में डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई। बैठक में जिला उपायुक्त कृष्ण लाल ने जिले की सड़क सुरक्षा स्थिति, दुर्घटना संभावित मार्गों, चिन्हित ब्लैक स्पॉट, विभिन्न विभागों की तरफ से किए गए सुरक्षा कार्यों तथा संवेदनशील सड़कों पर लगाए जा रहे क्रैश बैरियर की जानकारी दी।
परिवहन आयुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी विभागों और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य, नियमित सड़क सुरक्षा ऑडिट, उचित रोड मार्किंग, चेतावनी संकेतक, पैरापेट तथा पहाड़ी क्षेत्रों में पर्याप्त क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचआईडीसीएल, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी) को अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए भूस्खलन और सड़क अवरोध जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध रखने को कहा।
बैठक में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर भी चर्चा हुई। परिवहन आयुक्त ने पुलिस, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर एम्बुलेंस सेवाएं सुदृढ़ करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य रूप से लागू कराने तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने पर जोर दिया।