जिला आयूक्त प्लास्टिक बेलिंग मशीन का उदघाटन करते हुए
- फोटो : KATRA
कटड़ा। धर्मनगरी में वीरवार को उपायुक्त चरणदीप सिंह ने प्लास्टिक के निस्तारण के लिए केडीए कार्यालय में स्थापित की गई प्लास्टिक बेलिंग मशीन का उद्घाटन किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मुहिम में सहयोग करें, जिससे धर्मनगरी को कचरा मुक्त बनाने के साथ हरा भरा बनाया जा सके।
उपायुक्त ने कटड़ा को कचरा मुक्त बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की। साथ ही उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ स्थापित सेग्रिगेशन प्लांट का भी जायजा लिया। नपा अध्यक्ष विमल इंदु ने कहा कि नगरपालिका जिस तरह पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सफाई को लेकर अभियान में जुटी है, इससे जल्द ही कटड़ा पूरी तरह कचरा मुक्त होगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ सफाई को लेकर नपा किसी तरह की कसर नहीं छोड़ रही। इसके बावजूद राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण ने एक करोड़ का जुर्माना लगा दिया। यह सही नहीं है। इस मामले पर गंभीरता से अपना पक्ष रखा जाएगा। वहीं, नपा व केडीए सीईओ प्रीति शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में सफाई को लेकर और योजनाएं चलाई जाएंगी। इस मौके पर तहसील अधिकारियों सहित केडीए व नपा कर्मी मौजूद रहे।