उधमपुर। जिले में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिले में शाम तक कुल 81 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें 12 लोग सैनिक क्षेत्र में चल रहे निर्माण क्षेत्र में काम कर रहे श्रमिक हैं। वहीं, 14 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। उधमपुर में मौजूदा समय में 317 मामले सक्रिय हैं।
कई प्रयास करने के बाद भी जिले में कोरोना संक्रमण के मामले कम नहीं हो रहे हैं। उधमपुर में भी दिन प्रतिदिन हालात खराब होने लगे हैं और इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। उधमपुर में ज्यादातर बाहरी राज्य से काम करने के लिए उधमपुर में आई दिहाड़ीदार संक्रमित पाए जा रहे हैं। सोमवार को जिले में कुल 81 लोग संक्रमित पाए गए थे और इनमें 12 लोग मियां बाग इलाके में संक्रमित पाए गए थे। यह सभी बाहरी राज्य से काम करने के लिए उधमपुर आए हैं और कई दिनों से काम कर रहे हैं। इसी को लेकर प्रशासन ने मियां बाग को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
मंगलवार को भी जिले में कुल 81 लोग संक्रमित पाए गए है और इनमें 36 बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए तो 44 लोग जिले में संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 12 लोग टी मोड़ में सैनिक क्षेत्र के अंदर निर्माण स्थल पर संक्रमित पाए गए हैं। यह सभी बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं, लेकिन कई दिनों से उधमपुर में ही काम कर रहे हैं। इन सभी को सैनिक क्षेत्र में ही आइसोलेशन पर रखा गया है। बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए ज्यादातर सुरक्षाबल। जिले में ज्यादातर लोग शहरी इलाकों में संक्रमित पाए जा रहे हैं। मंगलवार को उधमपुर शहर के साथ टिकरी व चिनैनी में संक्रमित पाए गए हैं। 14 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 5342 हो गए हैं। 4967 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 58 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 317 सक्रिय मामले बचे हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में युवा वर्ग भी कोरोना की चपेट में आ रहा है। दूसरी लहर की यही खास बात है। यह बुजुर्गों के साथ युवाओं को भी अपनी चपेट में ले रहा है। अब सभी को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहने और सामाजिक दूरी के नियम का ख्याल रखे।
- डॉ. मोहम्मद यासीन, डीएचओ, उधमपुर