उधमपुर। सुबह से चल रही हल्की बारिश के बीच गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल शनिवार को भी जारी रही। जवानों और एनसीसी कैडेट ने ठंड व बारिश कोई परवाह नहीं की। सभी जोश के साथ अभ्यास करने में जुटे रहे। डिस्ट्रिक्ट यूथ सर्विस एंड स्पोर्ट्स के शिक्षकों ने भी अभ्यास करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रविवार सुबह डिग्री कालेज में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा।
शहर में सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई थी। बारिश कभी बंद हो रही थी तो कभी चल रही थी। इससे तापमान में भी बहुत ज्यादा गिरावट हो गई थी और ठंड भी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। इसके बावजूद सुरक्षाबलों की टुकड़ियां और एनसीसी कैडेट गणतंत्र दिवस की परेड की रिहर्सल के लिए सुबह दस बजे डिग्री कालेज के मैदान में पहुंच गए थे। हल्की बारिश चलने के बावजूद किसी ने भी अभ्यास बंद नहीं किया और बारिश के बीच ही अभ्यास करने में व्यस्त रहे।
परेड को लेकर जोश को पूरी तरह से बरकरार रहा। इनके साथ इनको अभ्यास करवाने खेल शिक्षक भी बारिश में पीछे नहीं हटे और अभ्यास करने में व्यस्त रहे। दोपहर करीब 12 बजे तक सभी ने जमकर अभ्यास किया। वहीं दूसरी तरफ सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले छात्र व छात्राओं ने अपने शिक्षण संस्थानों में अभ्यास को जारी रखा। डिस्ट्रिक्ट यूथ सर्विस एंड स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट आफिसर स्वर्ण सिंह ने बताया कि जवानों और एनसीसी कैडेट ने अभ्यास लगभग पूरा कर लिया है। रविवार को फुल ड्रेस रिहर्सल में पता चल जाएगा कि सबने किस तरह की तैयारी की है। सुबह 9.55 पर फुल ड्रेस रिहर्सल में तिरंगा फहरा कर कार्यक्रम की शुरूआत कर दी जाएगी।