नवरात्रों और दशहरा को लेकर कटड़ा-उधमपुर और जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कटड़ा मेें सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
वीरवार से शुरू होने वाले नवरात्रों के लिए पुलिस ने सुरक्षा चौकस कर दी है। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने गश्त बढ़ा दी है और ट्रेनों में जांच की जा रही है। रामलीला के आयोजन के दौरान भी सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम रहेंगे। रामलीला स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा जवान तैनात रहेंगे।
पुलिस के अलावा सेना ने भी हाईवे पर विशेष गश्त शुरू कर दी है। रोड ओपनिंग टीम भी जांच कर रही है। महत्वपूर्ण स्थलों पर पैनी नजर है। कटड़ा में सुरक्षा के विशेष इंतजाम के तहत सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की भीड़ होने के कारण सुरक्षा जांच के लिए आधुनिक उपकरणों की संख्या को बढ़ा दी गई है। कटड़ा और उधमपुर रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भी लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। डीआईजी उधमपुर कटड़ा गरीब दास ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। सभी आला अधिकारियों को सुरक्षा का स्वयं निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं। सीआरपीएफ को भी मुस्तैद कर दिया गया है। होटलों व अन्य संवेदनशील क्षेत्रों को लगातार खंगाला जा रहा है। होटल संचालकों को यात्रियों का पूरा विवरण दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए कहा गया है। कटड़ा में हर आने जाने वाली वाहन की जांच के आदेश हैं। पुलिस का दावा है कि सुरक्षा पुख्ता है और इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।