उधमपुर/रामनगर। रामनगर में रविवार को दो स्थानों पर नालों में बहने से सात वर्षीय बच्चे सहित महिला की मौत हो गई। रामनगर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के हवाले कर दिया। यह हादसे बरियाल और वार्ड नौ में सामने आए हैं।
पहला मामला रामनगर के बरियाल इलाके में सामने आया है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे बारिश के बाद नाला उफान पर था। इसी बीच अनु देवी नामक महिला ननंद के साथ मवेशियों को चरा रही थी। दोनों जब नाले के पास पहुंची तो अनु ने नाले को पार कर सास को लाने का प्रयास किया। वह जैसे ही नाले के बीच पहुंची तो जलस्तर बढ़ने से बहाव में बह गई। शोर मचाने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने तलाश शुरू कर दी। घंटों की मशक्कत के बाद घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर नाले से शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रामनगर अस्पताल पहुंचाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिया गया।
दूसरा मामला रविवार शाम करीब चार बजे रामनगर के वार्ड नौ गुरलांग इलाके में सामने आया। जानकारी के अनुसार शाम चार बजे विक्षित (07) पुत्र ओम प्रकाश घर से गायब हो गया। परिजनों ने बहुत तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बच्चे का शव घर से कुछ दूरी पर मौजूद नाले से बरामद हुआ। आशंका लगाई जा रही है कि बच्चे की मौत नाले के तेज बहाव में बहने से हुई। बच्चे के गायब होने से पहले परिजन मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे। बच्चा भी उनके पीछे चला गया था। वह तो नाला पार कर गए, लेकिन वह नाले के तेज बहाव में बह गया होगा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया। वहीं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।