उधमपुर। लगातार बारिश नहीं होने के कारण जिले में उमस भरी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रविवार को दिन भर बादल छाए रहे और शहरवासी घरों के अंदर उमस भरी गर्मी के कारण पसीने से तरबतर रहे। अब सभी को तेज बारिश का इंतजार है।
शनिवार से जिले में मौसम मिजाज बदला है, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। बल्कि दिन प्रतिदिन उमस भरी गर्मी बढ़ती जा रही है। शनिवार को सुबह के समय हल्की बारिश होने के बाद कुछ समय के लिए थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन कुछ घंटों के बाद फिर से उमस भरी गर्मी बढ़ गई थी। रविवार को सुबह के समय बादल छाए हुए थे और बादलों को देख कर लग रहा था बारिश होती और खूब बरसेंगे। लेकिन दिन भर इंतजार के बाद भी बारिश नहीं हुई। बादल छाए रहने के कारण तापमान तो नहीं बढ़ा, लेकिन उमस भरी गर्मी ने हालत को खराब कर दिया। बिजली बंद होने पर शहरवासी घरों के अंदर पसीने से नहाने को मजबूर रहे। दिन भर बारिश का इंतजार रहा, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिन में कई बार बारिश होने की संभावना है।