उधमपुर। अप्रैल माह में स्थगित हुई पैरामेडिकल कोर्स की परीक्षा फिर से शुरू हो गई है। रविवार को सरकारी डिग्री कॉलेज उधमपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्र में सैकड़ों युवाओं ने परीक्षा दी। परीक्षा दोपहर 12 से तीन बजे चली। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूर रहे। यह परीक्षा कुछ सप्ताह तक जारी रहेगी और हर रविवार को एक पेपर होगा।
हर साल पैरामेडिकल की परीक्षा का आयोजन होता है, जिसमें सैकड़ों युवा हिस्सा लेते हैं। 2021 में यह परीक्षा 11 अप्रैल को शुरू की गई थी। उधमपुर में इसके लिए डिग्री कालेज में सेंटर बनाया गया है। कुछ सप्ताह तक हर रविवार को एक पेपर हुआ और परीक्षा में जिले के 500 से अधिक युवा हिस्सा लेते रहे। लेकिन मई माह की शुरूआत में कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण बढ़ने के बाद परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी थी। जुलाई में मामले कम होने के बाद 11 जुलाई को परीक्षा शुरू कर दी है।
रविवार को पेपर देने के लिए युवा सुबह 11 बजे केंद्र पहुंच गए थे। इस दौरान कोविड एसओपी का सख्ती से पालन किया गया। मास्क के साथ ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा की प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए सीएमओ डॉक्टर केसी डोगरा, डीएचओ डॉक्टर मोहम्मद यासीन आदि कई अधिकारी मौजूद रहे।