जिला वालीबाल चैंपियनशिप में हाउसिंग कालोनी ने सिटी वालीबाल क्लब को हराकर फाइनल ट्राफी पर कब्जा किया। इस टूर्नामेंट में जिले की 12 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच के दौरान सिटी वालीबाल टीम और हाउसिंग कालोनी बालीवाल क्लब के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। हाउसिंग कालोनी ने 18-25,16-25, 27-25, 25-21 और 15-10 के स्कोर से हराया।
नगर के प्राइवेट स्कूल के खेल मैदान में मैच के दौरान वित्त राज्य एवं सूचना प्राद्यौगिकी मंत्री पवन गुप्ता मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेता टीम को पुरस्कार बांटे। समारोह के दौरान वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि जिले और राज्य में खेल गतिविधियाें को बढ़ावा देने के लिए सरकार वचनबद्ध है। खेलों के लिए सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
कहा कि पंचायत स्तर तक खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। भारतीय और विदेश स्तर के खेलों को बढ़ावा देकर युवाओं को सही मार्ग दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। टूर्नामेंट के आयोजकों को ऐसे खेल प्रतियोगिताएं आगे भी जारी रखने की अपील की। योजना विभाग के संयुक्त निदेशक राकेश जम्वाल ने भी संयम सीखने की अपील की।
मंत्री ने स्कूल प्रांगण में रुद्राक्ष का पेड़ भी लगाया। इस मौके पर सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर डीएसपी बोधराज, वालीबाल एसोसिएशन के प्रधान राजगुरु, स्कूल प्रिंसिपल व स्टाफ और खेल प्रेमी भारी संख्या में मौजूद थे।