उधमपुर। शहर के साथ लगते पंचायत गंडाला के लोअर गंडाला गांव में शनिवार रात को एक संदिग्ध परिस्थितियों में एक कच्चे घर में आग लग गई। इससे घर के पुरी तरह से खाक होने के साथ ही इसके अंदर रखा सारा सामान भी जलकर खाक हो गया। गनीमत रहा कि घटना से किसी के चोटिल होने अथवा हताहत होने की जानकारी नहीं है।
पीड़ित पोली देवी ने बताया कि आग लगने के फौरन बाद दमकल विभाग भी मौके पर पहुंच गया था लेकिन घर तक सड़क नहीं होने के कारण दमकल विभाग को भी आग पर काबू पाने में काफी मेहनत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की सहायता से नाले से पानी ढोकर किसी तरह से आग पर काबू पाया लेकिन आग बुझने तक घर के अंदर रखा सभी खाने पीने का सामान और बिस्तर वगैरह सब जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं लेकिन ऐसा हो सकता है कि आग शायद शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वे मेहनत मजदूरी करके अपना परिवार चलाते हैं ऐसे में अब घर जलने से वह बेघर हो गए हैं इसलिए उनकी तत्काल सहायता कर राहत दिलाई जाए ।
लाटी के जखेड़ इलाके के जगलों में लगी आग, दमकल विभाग ने पाया काबू
उधमपुर। जिला उधमपुर की तहसील लाटी के जखेड़ इलाके के जंगलों में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सूचना मिलने के फौरन बाद स्थानीय लोगाें ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने आधे घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इस बारे में रिटायर्ड हेडमास्टर हेमराज खजूरिया ने बताया कि समय रहते दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे वन संपदा और वन्यजीव का नुकसान होने से बच गया। उन्होंने बताया कि पहले दमकल विभाग की कमी के कारण काफी नुकसान होता था, लेकिन अब हाल में लाटी में स्थापित दमकल विभाग की इकाई से काफी सुविधा मिल रही है। संवाद