उधमपुर। रंगों का पर्व होली शहर में शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल शहर में एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन करेगा जो नगर के शहीद भगत सिंह पार्क से शुरू होकर इंदिरा चौक, रामनगर चौक, सैलां तालाब चौक, चबूतरा चौक, मेन बाजार और दब्बड चौक होते हुए सलाथिया चौक पर संपन्न होगी।
इस संबंध में वीरवार को एक प्रेसवार्ता के माध्यम से व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र बरमानी ने जानकारी दी। कहा कि कोरोना संकट से जूझने के बाद करीब दो साल बाद शहर में होली पर पहले की तरह कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। यह नजारा भव्य होगा, क्योंकि इस बार लोग अपने पर्वों व परंपराओं को भव्य रूप से न मना पाने के मलाल को दूर करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे झांकी में शामिल होकर इसकी शोभा बढ़ाएं।
साथ ही उन्होंने सभी दुकानदारों से भी अपील की कि वे अपने कारोबार को बंद कर झांकी की रौनक बढ़ाएं। कहा कि कोरोना संकट के कारण दो वर्षों से इस शोभा यात्रा का आयोजन नहीं किया जा सका। अब इसका अवसर मिला है तो सभी इसका लाभ उठाएं और मिलजुल कर आपसी एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश प्रसारित करें।