पूर्व संध्या पर खूब हुई खरीदारी, बाजारों में रही रौनक, बच्चों और युवाओं की तैयारियां पूरी
उधमपुर। रंगों, खुशियों और भाईचारे का प्रतीक होली पर्व चार मार्च को जोश व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। बाजारों में एक सप्ताह से खरीदारी को लेकर रौनक बनी हुई है। व्यापार मंडल के होली मिलन समारोह की भव्य झांकी उत्साह को दोगुना कर देगी। बुधवार दोपहर 12 बजे आदर्श कॉलोनी से झांकी की शुरुआत होगी जो विभिन्न बाजारों से होते हुए गुजरेगी।
होली की पूर्व संध्या पर खरीदारी करने को लेकर बच्चों व युवाओं में उत्साह देखने को मिला। दिनभर बच्चे व युवा तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त दिखे। कोई गुलाल खरीद रहा था तो कोई पिचकारी देखने में व्यस्त था। कई जगहों पर बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाना भी शुरू कर दिया था। युवाओं का कहना था कि कई दिन से होली का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार वह मौका आ ही गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में टोलियां बनाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाएंगे।
दुकानदार दीपक गुुप्ता, रोहित महाजन, बिल्लू शाह, संजय कुमार व अन्य ने बताया कि इस बार होली को लेकर बाजार में गुब्बारे, पिचकारियों के रंगीन हथियारनुमा और हर्बल कलर ग्राहकों की पहली पसद बने हुए हैं। युवा वर्ग इन्हें ज्यादा पसंद कर रहा है। साथ ही पंप-पिचकारी की खूब खरीदारी हो रही है। त्रिशुल, हथौड़े, सिलिंडर बम व बंदूक जैसी पिचकारियां प्रचलन में हैं।
दुकानें बंद रखने का आह्वान
मधुर गीतों के साथ राधा कृष्ण मंदिर से होली मिलन समारोह की झांकी निकाली जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए व्यापार मंडल की तरफ से दुकानदारों को दुकानें बंद रखने का आह्वान किया गया है। झांकी शहर भर में रंग उड़ाती हुई गुजरेगी। सलाथिया चौक, गोल मार्केट, दब्बड़ चौक, चबूतरा बाजार से होते हुए लगभग सभी बाजारों में खुशियों के रंग उड़ेगा।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध चाक चौबंद
पुलिस की तरफ से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। तमाम चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। हुड़दंग मचाने वालों वालों पर नकेल कसने की भी खास तैयारी है।
घरों में भी उत्सव की धूम
लोग घरों में सगे-संबंधियों और पड़ोसियों के साथ होली का जश्न मनाएंगे। विमला देवी, सोनाली शर्मा, सुदेश शर्मा, कांता देवी व अन्य शहरवासियों का कहना है कि हर साल की तरह इस साल भी जश्न की तैयारी पूरी कर ली है। मिष्ठान का प्रबंध किया गया है और मुंह मीठा करवाने के बाद गुलाल से होली खेलेंगे। खास पकवान बनाने की भी योजना बनाई गई है।