संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बारिश के चलते रामबन के केला मोड, मेहाड़ और मारोघ क्षेत्र में पस्सियां गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार साढे़ चार घंटे तक बंद रहा। इससे हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही बंद हो गई और लंबा जाम लग गया।
वहीं हाईवे बंद होने की सूचना मिलने के बाद उधमपुर के जखैनी चौक पर भी वाहनों के आगे जाने पर रोक लगा दी गई थी और घाटी की तरफ जाने वाले सभी वाहनों को उधमपुर में ही रोक दिया गया। जिससे उधमपुर के जखैनी चौक, बाड़ेयां, संगूर, ठंडा पद्दर, रठियान, बट्टल-बालियां इत्यादि में भी राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिससे चालकों व यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं लंबे इंतजार के उपरांत सुबह साढ़े नौ बजे के करीब हाईवे बहाल होने पर जब गाड़ियों को आगे की तरफ रवाना किया गया, तो यात्रियों व चालकों ने राहत की सांस ली।
उल्लेखनीय है कि रामबन से बनिहाल के बीच हाईवे 44 पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिसके चलते बारिश- बर्फबारी के दौरान पहाड़ों से मलवा व पस्सी गिरने से अक्सर इस तरह की समस्या पेश आती है और यात्री व चालक परेशान होते हैं। वहीं इस परेशानी से बचाव के लिए पुलिस की तरफ से समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से सफर शुरू करने से पहले हाईवे की स्थिति के बारे में जानकारी लेने की अपील की जाती है।
इसके लिए श्रीनगर से लेकर उधमपुर और जम्मू में विशेष ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट स्थापित किए गए हैं और सहायता व जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। जिनमें ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट जम्मू (0191-2459048, 2740550, 9419147732), श्रीनगर युनिट (0194-2450022, 2485396), रामबन (9419993745), उधमपुर (8491928625) शामिल हैं।