उधमपुर। दो दिन बाद फिर से जिले में डेंगू के चार नए मामले सामने आए हैं। इसके चलते आंकड़ा 311 पर पहुंच गया है।
हालांकि अब डेंगू की रफ्तार धीमी हो गई है लेकिन जब तक बारिश नहीं होती, तब तक खतरा बरकरार है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। विभाग की ओर से लोगों को डेंगू से बचाव को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। वहीं डेंगू की रफ्तार धीमी होने के चलते अब नए मामले दो दिन बाद ही आ रहे हैं। हालांकि जीएमसी में लगातार बुखार से पीड़ित लोगों के डेंगू टेस्ट किए जा रहे हैं। मौजूदा समय तक जीएमसी में 2331 डेंगू के टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 311 मामले ही सामने आए हैं। विभाग की ओर से नए आ रहे डेंगू संक्रमित लोगों के घरों में टीमें जाकर फॉगिंग करने के साथ ही लोगों को जागरूक भी कर रही है।
इस संदर्भ में डीएमओ गोपाल दास का कहना था कि अब डेंगू पिछले दिनों की तुलना में धीमा हो गया है। इसके चलते अब मामले भी कम आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेशक डेंगू के मामलों में लगातार कमी आ रही है लेकिन विभाग पूरी तरह से सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।