उधमपुर। कोरोना कर्फ्यू के हटने के बाद प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार बुधवार की तरह वीरवार को भी देविकानगरी के बाजारों में रौनक देखने को मिली है। गाइडलाइन के अनुसार वीरवार को रेडीमेड गारमेंटस, कपडे़, दर्जी, बूटीक, फुटवियर, कास्मेटिक, ज्वेलरी, खिलौने, गिफ्ट आइट्मस, शोरूम, ड्राई क्लीन, हैंडलूम, फोटो स्टेट और फर्नीचर की दुकानें सुबह नौ से पांच बजे तक खुलीं। इस दौरान लोगों ने बाजारों में पहुंच कर खरीदारी की।
उधर, शुक्रवार को हार्डवेयर, निमार्ण सामग्री, बैग व सूटकेस, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, मोबाइल, वॉच, ऑप्टिकल, वैल्डिंग और ग्लास शॉप सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुली रहेंगी। वीरवार को अन्य दिनों की तरह दवा, लैब, हेल्थ क्लीनिक, डेयरी, फल-सब्जी, मटन-चिकन, ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग, एक्सेसरीज, सर्विस स्टेशन, एग्रीकल्चर इनपुट्स, कैंटीन, होटल-रेस्त्रां, बेकरी और खानेपीने की वस्तुओं की दुकानें शाम पांच बजे तक खुली रहीं। इस बीच सामान खरीदने के लिए काफी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। शहर में भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने से कई जगह लोगों को जाम की समस्या से भी दोचार होना पड़ा।
गौरतलब है कि लगभग एक माह बाद बाजारों में रोटेशन के आधार पर दुकानों को खोलने की अनुमति दी जा रही है। इससे जहां आम आदमी को राहत मिल रही है वहीं कारोबारी भी खुश हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से बाजारों में कोविड एसओपी का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है। वीरवार को भी पुलिस व प्रशासन की टीमें बाजारों का निरीक्षण करती नजर आईं। बस-मेटाडोर सेवा शुरू होने के बाद नगर में खरीदारी के लिए ग्रामीण इलाकों के लोग भी पहुंच रहे हैं।