उधमपुर। नगर में पांच दिन बाद किराना दुकानें दो बजे तक खोले जाने से नगरवासियों को काफी राहत मिली है। इससे पहले ईद पर दो दिनों के लिए किराना दुकानों को खोला गया था। वहीं, 16 मई को कोरोना कर्फ्यू 24 मई तक बढ़ा दिया था, जिस कारण लोगों को सामान खरीदने में दिक्कत हो रही थी। इस कारण जिला प्रशासन ने 19 और 21 मई को दोपहर दो बजे तक दो दिन किराना खोलने की अनुमति देकर राहत दी थी।
इससे पहले केवल डेयरी, फल-सब्जी सहित दवा दुकानें ही खोली जा रहीं थीं। जिला प्रशासन ने बुधवार को भी डेयरी, फल-सब्जी सहित किराना दुकानें दो बजे तक खोलने की अनुमति दी थी। इससे नगरवासियों को काफी राहत मिली। शहर की सड़कों पर भी काफी चहल-पहल रही। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद दवा दुकानों को छोड़कर अन्य सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद करवा दिया गया। बाजार में किसी के भी बिना कारण आने पर पाबंदी लगा दी गई। बीते पांच दिन से बंद किराना दुकानों को खोलने की अनुमति दिए जाने से लोगों को काफी राहत मिली। विशेषतौर पर फल-सब्जी व किराना दुकानों पर लोगों की संख्या अधिक रही।