फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: सुशासन सूचकांक में उधमपुर ने लगाई तीन पायदान की छलांग, 9वें स्थान पर पहुंचा, सुरक्षा में नंबर-एक

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के पांचवें जिला सुशासन सूचकांक (2024-25) के परिणाम में जिले का प्रदर्शन अच्छा रहा है। प्रशासनिक सुधारों और नागरिक केंद्रित सेवाओं में निरंतर सुधार के चलते उधमपुर ने प्रदेश के जिलों की रैंकिंग में नौवां स्थान हासिल कर कार्यकुशलता को साबित किया है। पिछले वर्ष (2023-24) में जिला 12वें पायदान पर था। इस बार जम्मू ने प्रथम, पुलवामा ने द्वितीय और सांबा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
विज्ञापन

जिला सुशासन सूचकांक (डीजीजीआई) का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासनों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है ताकि पारदर्शी और सर्वोत्तम प्रशासनिक प्रथाओं के माध्यम से आम जनता का कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। रिपोर्ट के अनुसार उधमपुर ने नागरिक केंद्रित शासन, मानव संसाधन विकास और वित्तीय समावेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सराहनीय सुधार दर्ज किया है। डीजीजीआई 4.0 से डीजीजीआई 5.0 के सफर में जिले ने समग्र स्कोर में उल्लेखनीय वृद्धि की है।

जिले की इस प्रगति में कानूनी एवं सार्वजनिक सुरक्षा विभाग का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा, जो पिछले वर्ष के तीसरे स्थान से उठकर अब प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। नागरिक केंद्रित शासन में भी जिले ने लंबी छलांग लगाते हुए 14वें से 6वां रैंक हासिल किया।
विज्ञापन


अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सुधार इस प्रकार
सेक्टर
पिछले वर्ष का रैंक
वर्तमान रैंक

कानूनी एवं सार्वजनिक सुरक्षा
03
01

सामाजिक कल्याण एवं विकास
06 04

नागरिक केंद्रित शासन
14
06

मानव संसाधन विकास
17 10

वित्तीय समावेशन
16
10

उद्योग एवं वाणिज्य
12
11


चुनौतियां अब भी बरकरार

एक ओर जहां कई क्षेत्रों में सुधार हुआ है, वहीं पब्लिक हेल्थ, पर्यावरण और कृषि जैसे क्षेत्रों में अब भी काफी मेहनत की आवश्यकता है। रिपोर्ट के अनुसार जिले को पब्लिक हेल्थ और पर्यावरण में 17वां तथा कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में 15वां स्थान मिला है। प्रशासन के लिए आगामी वर्ष में इन क्षेत्रों में प्रदर्शन सुधारना बड़ी चुनौती होगी।



तत्कालीन डीसी सलोनी को श्रेय
इस उपलब्धि का श्रेय तत्कालीन जिला विकास आयुक्त सलोनी राय को जाता है जिनके नेतृत्व में सुशासन सूचकांक में काफी सुधार हुआ। सलोनी राय का फरवरी में दिल्ली में तबादला होने पर इस महीने डीसी का कार्यभार मिंगा शेरपा ने संभाला है। अब देखना यह होगा कि 6वें जिला सुशासन सूचकांक में जिला उधमपुर सुशासन व्यवस्था में और कितना सुधार कर पाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें