किश्तवाड़। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने बुधवार को ब्लॉक दच्छन के साउंदर में साप्ताहिक ब्लॉक दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने दच्छन क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए इसे पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त मॉडल ब्लॉक बनाने का लक्ष्य रखा।
उन्होंने पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से उसके निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में डीसी ने लोगों को 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत शपथ भी दिलाई। स्थानीय ग्रामीणों ने इखाला-दच्छन सड़क की खराब हालत, सुईद पुल निर्माण में देरी, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी कई बुनियादी समस्याएं उठाईं। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए और लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस मौके पर एसएसपी नरेश सिंह और एडीसी पवन कोतवाल भी मौजूद रहे। संवाद