- वाटर कूलर की स्थिति काफी खराब, आसपास फैली है गंदगी
उधमपुर। जीएमसी में पीने के साफ पानी की उचित व्यवस्था न होना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। मरीजों और तीमारदारों को बदहाल वाटर कूलर का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।
अस्पताल परिसर में वाटर कूलर की स्थिति काफी खराब है। आसपास गंदगी फैली हुई है। कूलर को देखकर पानी पीने का मन नहीं करता, लेकिन लोगों के पास दूसरा विकल्प नहीं बचता। कई मरीज बुखार, पेट दर्द, संक्रमण और अन्य बीमारियों से पीड़ित होते हैं। ऐसे में यदि वे गंदा या दूषित पानी पी लें तो उनकी तबीयत और बिगड़ सकती है।
पंचैरी के राकेश और उधमपुर के सुरेंद्र का कहना है कि रिश्तेदार की जांच कराने आए हैं। यहां का पानी पीकर वे भी बीमार हो सकते हैं। सबसे अधिक परेशानी दूरदराज से आने वाले लोगों को हो रही है। कई मरीज ऐसे हैं जो बोतलबंद पानी खरीदने में असमर्थ हैं। मजबूरी में उन्हें गंदे कूलर से पानी पीना पड़ता है। इसलिए संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल में साफ और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित रूप से वाटर कूलर की सफाई और पानी की जांच करवाई जाए। उधर सुपरिटेंडेंट डॉ. संजीव गुप्ता के अनुसार जीएमसी परिसर में निर्माण कार्य के चलते वाटर कूलर दूषित हो गए हैं जिन्हें जल्द साफ करवा दिया जाएगा।