उधमपुर। बस अड्डे पर निजी वाहन और लोड़ कैरियर वाहनों के खड़े होने पैदा हुआ विवाद बस चालकों और दुकानदारों ने मिल कर सुलझा लिया है। बस अड्डे पर सामान उतारने के लिए लोड़ कैरियर वाहनों का समय शाम छह से सुबह 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। साथ ही निजी वाहनों को भी बस अड्डे पर पार्क करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस निर्णय का शनिवार को बस अड्डे पर सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। बसों को खड़े करने के लिए उचित स्थान मिल गया और मार्ग पर जाम भी नहीं लगा है।
कई वर्षों से बस अड्डे के बड़े हिस्से पर लोड़ कैरियर वाहनों का कब्जा है। शहर में वेयर हाउस की सुविधा नहीं होने के कारण ज्यादातर होल सेल की दुकानें बस अड्डे पर ही मौजूद हैं। कई वर्षों से अस्थायी वेयर हाउस बस अड्डे पर ही चल रहा है। इसी के चलते सुबह से शाम तक सामान लेकर माल वाहक वाहन पहुंचते है। इस कारण बसों को खड़ा रहने के लिए स्थान नहीं मिलता है। साथ ही सुबह से शाम तक बस अड्डे पर जाम रहने से चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर कुछ दिन पहले पहले विवाद पैदा हुआ। अचानक से बस चालकों ने लोड़ कैरियर वाहनों का विरोध करना शुरू कर दिया।
जब इसकी सूचना बस अड्डा के दुकानदार यूनियन तक पहुंची तो दोनों पक्षों ने बैठक कर हल निकालने का प्रयास शुरू कर दिया और शनिवार को विवाद शांत हो गया। दोनों पक्षों ने निर्णय लिया है कि अड्डे पर लोड़ कैरियर वाहनों को शाम छह से सुबह 11 बजे तक आने की अनुमति रहेगी। इसके बाद किसी भी माल वाहक वाहनों को अड्डे में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।