उधमपुर के दोमेल इलाके में शो-रूम में लगी आग को बुझाने पहुंचा दमकल विभाग का वाहन
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के दोमेल इलाके में शुक्रवार को कपड़ों के शोरूम में आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने घटना के बारे में तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। इसमें ज्यादा नुकसान की जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब दस बजे कपड़े का शोरूम खोला गया, और कर्मचारी कपड़े बदलने के लिए स्टॉक रूम की तरफ गए। लेकिन, जब स्टॉक रूम का दरवाजा खोला तो अंदर से धुआं निकल रहा था। कमरे में आग लग चुकी थी। सभी कर्मचारी तुरंत नीचे पहुंचे और इसके बारे में तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। घटना की जानकारी जब आसपास के दुकानदारों को हुई तो सभी बाहर निकल आए।
वहीं, दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाने का काम शुरू कर दिया, और जल्द ही आग पर काबू भी पा लिया। शोरूम के कर्मचारियों ने बताया कि आग लगने से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन, स्टाक रूम के अंदर रखा सामान जल गया है। इसकी कीमत हजारों में है। वहीं, दमकल विभाग का कहना था कि अगर आग भड़क जाती तो बहुत नुकसान हो सकता था।