रामनगर: आग लगने से कच्चा मकान जलकर हुआ राख।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामनगर। घोरडी ब्लॉक की पंचायत बरमीन में सोमवार देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में कच्चे मकान में आग लग गई। इससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। मकान में रहने वाला परिवार बाहर सो रहा था। इसलिए, सभी सुरक्षित बच गए। उनका कहना है कि उनकी जीवन भर की पूंजी आग की भेंट चढ़ गई है।
मकान के मालिक रशीद पुत्र सैयद ने बताया कि सोमवार रात को वह छोटे भाई मोहम्मद मिर्जा और बहन समीना बेगम के साथ अपने चाचा रशीद के घर दावत पर गया था। दावत खाने के बाद तकरीबन साढ़े 11 बजे वह घर लौटा, इसलिए तीनों घर के बाहर ही चारपाई पर सो गए। रात करीब एक बजे अचानक नींद खुली तो मकान में आग लगी हुई थी। उसने भाई-बहन को नींद से जगाया और चिल्लाना शुरू किया। उसी समय पड़ोसी मौके पर पहुंच गए और सभी आग बुझाने की कोशिश करने लगे।
सुबह सात बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक मकान के अंदर सारा सामान जल चुका था। उन्होंने बताया कि आग में 30 कंबल, डेढ़ तोले सोने के आभूषण, 750 ग्राम चांदी व अन्य कीमती सामान जल गया है। इस घटना में तकरीबन पांच लाख रुपयों का नुकसान हुआ है। उसकी जीवन भर की पूंजी आग की भेंट चढ़ गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। उसने प्रशासन से अपील है कि किसी तरह से उसकी मदद की जाए।
रामनगर: आग लगने से कच्चा मकान जलकर हुआ राख।- फोटो : UDHAMPUR