उधमपुर आैर रियासी जिले के विभिन्न जंगलों में प्रचंड रूप धारण कर चुके अग्निदेव को आखिर इंद्रदेव ने शांत किया। अग्निदेव के सामने वन विभाग, फायर ब्रिकेड और स्थानीय लोग बेबस नजर आ रहे थे। भीषण आग के कारण आसपास के इलाकों का तापमान काफी बढ़ गया था।
वीरवार देर रात को मंथल के जंगल में लगी आग पर वन विभाग ने हालांकि काबू पाने का भरपूर प्रयास किया। लोगों ने भी खूब सहयोग किया लेकिन शुक्रवार को हुई बारिश से आब पूरी तरह से बुझ गई। इस बीच वन विभाग के अधिकारी का दावा है कि कि वीरवार को ही वन विभाग के साथ फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोगों ने आग नियंत्रित कर ली थी। लेकिन कई जगहों पर आग सुलग रही थी।
दूसरी तरफ रियासी जिले में शुक्रवार की दोपहर को बारिश राहत ले कर आई। एक घंटे तक हुई बारिश के बाद जिले के कई जंगलों में लगी आग पर काफी हद तक नियंत्रित हो गई। गौरतलब है कि कई दिन से अंजी, कालीधार, संगलयोट, सियाड बाबा के जंगलों में लगी आग से लोग डरे-सहमे थे। आग से इलाके में गर्मी बढ़ गई थी। वन संपदा को भी काफी नुकसान हुआ। इस बीच शुक्रवार को थोड़ी देर के लिए हुई बारिश ने काफी राहत दी।