उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील में वीकेंड लॉकडाउन के दौरान बिना किसी कारण के घरों से बाहर निकलने और मास्क न लगाने पर पुलिस और तहसीलदार ने करीब 14 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है। जुर्माना करने के साथ लोगों को चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसा करने पर इससे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की तरफ से लगाए गए वीकेंड लॉकडाउन में बिना किसी कारण के घरों से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद पंचैरी में लोग बाहर निकल रहे हैं। इसी को लेकर रविवार को पुलिस और तहसीलदार ने विशेष तौर पर अभियान छेड़ा और कार्रवाई की। यह कार्रवाई शाम तक जारी रही। पुलिस को काफी संख्या में ऐसे लोग मिले, जोकि बिना किसी कारण के घरों से बाहर निकल कर सड़कों पर घूम रहे थे। इन लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया था। कुछ ने मास्क तो लगाया था, लेकिन उसको मुंह पर रखने के बजाए गले में लटका कर रखा था। इसी को लेकर पुलिस व तहसीलदार की तरफ से कार्रवाई की गई।
शाम तक पुलिस ने करीब सात हजार रुपये जुर्माना वसूल कर लिया था, वहीं तहसीलदार ने शाम तक करीब 6950 रुपये जुर्माना वसूल कर लिया था। किसी को 100 रुपये तो किसी को 200 रुपये जुर्माना लगाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों को मास्क पहनने को भी जागरूक किया और सामाजिक दूरी के नियम का भी पालन करने को कहा।