उधमपुर। इस बार भी बरसात में होने वाले जल भराव को लेकर नगर परिषद ने पानी की निकासी के लिए किसी तरह के प्रबंध नहीं किए हैं। शहर के ज्यादातर नाले व नालियां गंदगी से भरे पड़े हैं। बारिश होते ही शहर की सड़कों व गलियों में पानी जमा हो रहा है और नाले व नालियों की गंदगी भी शहर की सड़कों व गलियों में फैल रही है। हर बार बरसात में सफाई व्यवस्था को लेकर शहरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जम्मू संभाग के दूसरे सबसे बड़े शहर में नगर परिषद जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं कर पाया है। जब भी तेज बारिश होती है तो शहर में मौजूद नाले और नालियों से सारा पानी व गंदगी सड़कों व गलियों में भर जाती है। इसके बाद कई दिनों तक शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई रहती है। बरसात की बारिश को लेकर प्रशासन की तरफ से नगर परिषद को निर्देश जाए जाते हैं कि गंदगी से भरी नालियों व नालों को गंदगी हटा कर साफ कर दिया जाए, ताकि तेज बारिश होने पर जल निकासी आसानी से हो जाए। मौजूदा समय में बरसात शुरू हो चुकी है और इस बार भी नगर परिषद ने इसको लेकर कोई तैयारी नहीं की है। शहर के ज्यादातर नाले व नालियां गंदगी से भरे पड़े हैं। जब भी तेज बारिश हो रही है तो इन नालों से निकलने वाली गंदगी व पानी शहर की सड़कों पर पहुंच कर परेशानी पैदा कर रहा है। बरसात से पहले हर बार शहरवासी नगर परिषद के अधिकारियों से मांग करते हैं कि मानसून से पहले नालों व नालियों की गंदगी को साफ कर दिया जाए, लेकिन आज तक नगर परिषद ने इसको लेकर कोई प्रबंध नहीं किया है।
सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के बाद तो जलभराव की परेशानी हो गई दोगुनी
सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कारण तो जल भराव की परेशानी दोगुनी हो गई है। सड़क व गलियों के बीच खुदाई करने के बाद मलबे को नालियों व नालों के अंदर ही डाला जा रहा है। पाइप लाइन बिछाने के बाद नालों को साफ नहीं किया जा रहा है। बारिश के दौरान जलनिकासी नहीं हो पा रही है और शहर के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का पानी सड़कों व गलियों में बहता और जमा होता देखा जा सकता है।
जलभराव व जलनिकासी को लेकर नगर परिषद गंभीरता के साथ काम कर रहा है। बड़े नालों को जल्द जेसीबी की मदद से खोलने की व्यवस्था की जाएगी। नालियों के साफ न होने का कारण माशकी (नालियों को साफ करने वाले कर्मचारी) की कमी होना है। पार्षदों के साथ बैठक में इनकी नियुक्ति को लेकर विशेष तौर पर चर्चा की जाएगी।
-सुरेंद्र सिंह खालसा, नगर परिषद कार्यवाहक चेयरमैन