उधमपुर:ट्रैफिक पुलिस द्वारा उधमपुर में फिर पकड़ी फेक नंबर की गाड़ी.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखैनी चौक पर लगे नाके से यातायात पुलिस ने एक फर्जी नंबर से चल रहे एक चोरी के वाहन को जब्त किया है। इसके साथ वाहन में सवार चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया।
जानकारी के मुताबिक उक्त वाहन नाका तोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था। मौके पर मौजूद डीएसपी यातायात हिम्मत सिंह ने बताया कि जखैनी चौक नाके पर फर्जी नंबर के साथ जब्त हुआ यह आठवां वाहन है। कहा कि पकड़े गए वाहन (एचआर 26ईटी 5639) का नंबर हरियाणा का है। इस पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर इसे रोका गया।
बताया कि ई-चालान के लिए इसका पंजीकरण नंबर जब मशीन में डाला गया तो पंजीकरण और चेसिस नंबर बेमेल था। चालक से जब दस्तावेज मांगे गए तो उसके पास सिवाय एक प्रदूषण प्रमाण पत्र के कोई दस्तावेज नहीं था। वाहन के बारे में जब इंजन और चेसिस नंबर से छानबीन की गई तो वाहन पश्चिम बंगाल के किसी आशीष सरदार के नाम पर पंजीकृत था। पिछले साल इसके चोरी होने की रिपोर्ट बिहार के महाराजगंज से लिखवाई गई थी।
डीएसपी ने बताया कि वाहन का असली नंबर डब्ल्यूबी-08के-7182 है। वहीं, इस पर जो हरियाणा का फर्जी नंबर लगाया गया है, वह गुरुग्राम के प्रदीप कुमार के नाम पर पंजीकृत है। इस नंबर का वाहन भी चोरी हो चुका है, जिसकी शिकायत बिहार के सीवन में दर्ज है। पकड़े गए वाहन में सवार सभी चार युवक जम्मू की ओर से अमरनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
----
जखैनी चौक से अब तक पकड़े गए आठ वाहन
वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य होने के बाद से जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फर्जी नंबर के साथ लगातार वाहन पकडे़ जा रहे हैं। डीएसपी हिम्मत सिंह के अनुसार बीते कुछ महीनों में जखैनी चौक से आठ वाहनों को जब्त किया जा चुका है। इनमें से कुछ टैंपो ट्रैवलर थे, जो सैलानियों को घाटी की सैर कराने ले जा रहे थे। यातायात पुलिस का कहना है कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से वाहन की जानकारी सार्वजनिक रहती है। इसे कोई भी आसानी से देख सकता है। अनजाने में अपराध करने से बचने के लिए सभी को अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवानी चाहिए।