उधमपुर। शहर से अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर परिषद की कार्रवाई वीरवार को भी जारी रही। टीम ने सीईओ अमित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस के साथ शहर में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
इस दौरान नगर के लाल चौक से मेन बाजार इलाके में कई दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया गया। जिससे नाराज कुछ दुकानदारों ने एकत्रित होकर नगर परिषद की कार्रवाई का विरोध भी किया। इस दौरान नगर परिषद की टीम और दुकानदारों के बीच तीखी नोक-झोंक भी देखने को मिली। लेकिन, मौके पर पुलिस की मौजूदगी ने मामले को शांत कर दिया।
सीईओ ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दुकानदारों से अपील है कि वह नगर परिषद का सहयोग करें और शहर में अतिक्रमण को बिल्कुल बढ़ावा न दें। अपने सामान को दुकानों के अंदर ही लगाएं। सड़क पर सामान लगाकर अतिक्रमण कर नगर परिषद को सख्त कार्रवाई करने पर मजबूर न करें।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद की तरफ से इन लोगों को त्योहारों में छूट दी गई थी, ताकि इनका कारोबार प्रभावित न हो। लेकिन, अब त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद भी शहर में अतिक्रमण का बोलबाला है। कई बार अपील करने के बाद भी ये लोग नप के आदेश को नहीं मान रहे हैं। बुधवार को भी नगर परिषद की टीम ने सिटी लाइट, इंदिरा चौक, गोल मार्केट, लाल चौक, मुखर्जी बाजार और शहर के विभिन्न हिस्सों से बिना लाइसेंस की रेहड़ियों और फड़ियों को कब्जे में लिया था।
सीईओ ने कहा कि दुकानदारों से भी अतिक्रमण को हटाने की अपील की गई थी, लेकिन वे उनकी बात को नहीं मान रहे हैं, और जानबूझकर दुकानों के बाहर पार्किंग के लिए बनाए स्थान पर भी सामान रखकर बेच रहे हैं। इससे लोगों को पैदल चलने के लिए भी स्थान नहीं मिल पा रहा है। शहर का दायरा सिमट कर रह गया है। जिसको लेकर कार्रवाई की गई है, लेकिन इसका कुछ लोग विरोध कर रहे थे। ऐसे लोगों से भी अपील है कि विरोध करने की बजाय नगर परिषद का सहयोग करें, और शहर को अतिक्रमण के जाल से मुक्ति दिलाएं।
उधमपुर में नप की अतिक्रमण विरोधी कारवाई के विरोध में सीईओ अमित चौधरी के साथ बहसबाजी करते दुकानदा?- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर में अतिक्रमण विरोधी कारवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान को उठाकर ले जाते नप के कर्मच- फोटो : UDHAMPUR