उधमपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की सचिव एवं उप न्यायाधीश सुमति शर्मा ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल कानूनी सहायता क्लिनिक, ई-मुलाकात कक्ष, अस्पताल और रसोईघर का दौरा कर बंदियों को मिल रही सुविधाओं और विधिक सहायता सेवाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने पैरालीगल स्वयंसेवकों और स्टाफ के साथ बैठक कर लंबित मामलों और बंदियों के कानूनी प्रतिनिधित्व की स्थिति जानी। उन्होंने पात्र और निर्धन बंदियों को शीघ्र सरकारी अधिवक्ता उपलब्ध कराने और रिकॉर्ड प्रबंधन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।सुमति शर्मा ने डालसा, तहसील समितियों और रक्षा अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया ताकि बंदियों को त्वरित न्याय मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि समयपूर्व रिहाई और सजा पूरी कर चुके बंदियों की रिपोर्ट समय पर डालसा को भेजें ताकि उनकी तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जा सके। संवाद