किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में बिजली पानी मुफ्त देने की मांग का मुद्दा उठ रहा है। मंगलवार को 100 से अधिक लोग स्थानीय चौगान मैदान में एकत्र हुए और उन्होंने बिजली पानी मुफ्त देने के लिए प्रदर्शन किया।
लोगों ने एकत्र होकर एक ही मांग की कि अगर जिला किश्तवाड़ बिजली परियोजना का हब बना हुआ है तो बिजली मुफ्त मिलनी चाहिए। लोगों ने कहा कि जब से पहली परियोजना डुल हस्ती पावर स्टेशन बनी, तभी से हमें बिजली मुफ्त मिलनी चाहिए थी। स्थानीय युवक वसीम अहमद के नेतृत्व में लोग एकत्र हुए और प्रदर्शन के बाद अपनी मांग को लेकर एक रैली चौगान मैदान से निकाली गई। रैली नारेबाजी करते शहीदी मजार तक पहुंची। यहां उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जिले के लोगों को एक साथ आना चाहिए और मांग करनी चाहिए कि बिजली व पानी मुफ्त में जिवे के लोगों को दी जाए, जिसका वे हक रखते हैं। इससे पहले एक शिष्टमंडल ने जिला उपायुक्त को भी ज्ञापन सौंपा। लोगों का कहना है कि बिजली जिले में बन रही है या फिर अन्य पावर परियोजनाओं में बनने जा रही है। पानी हमारा है और हम बिल दे रहे हैं। हमारा हक है कि हमें दोनों मुफ्त मिलने चाहिए।