- पसंदीदा कपड़ों की सिलाई करवाने में जुटीं महिलाएं, पहले से ही दर्जियों के पास करवाई बुकिंग
उधमपुर। ईद-उल-फितर के पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। खासकर महिलाओं व युवतियों में नए कपड़ों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। त्योहार के नजदीक आते ही खरीदारी ने जोर पकड़ लिया है।
महिलाएं और युवतियां पसंदीदा कपड़ों की सिलाई करवाने में जुट गई हैं। कई महिलाओं ने पहले से ही दर्जियों के पास बुकिंग करा दी है। दर्जियों के अनुसार इस बार रेडीमेड कपड़ों के साथ-साथ डिजाइनर सूट सिलवाने का चलन है। युवतियों में खासतौर पर फरशी सलवार सूट, फ्लेयर सूट और डबल फ्रॉक स्टाइल के सूट सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।
युवतियों का कहना है कि ये डिजाइन फैशन के साथ-साथ आरामदायक और आकर्षक भी हैं। इसलिए इनकी मांग ज्यादा है। सिलाई के दाम की बात करें तो साधारण सूट की सिलाई करीब 250 रुपये से शुरू हो जाती है जबकि डिजाइनर या भारी सूट की सिलाई 800 से 1200 रुपये तक ली जा रही है। ईद के कारण इन दिनों दर्जियों के पास काम का दबाव बढ़ गया है।
हमारे पास पहले से ही काफी ऑर्डर आ चुके हैं, जिन्हें समय पर पूरा करना चुनौती से कम नहीं है। इसी वजह से फिलहाल नए ऑर्डर लेना बंद कर दिया है।
- ज्योति देवी।
ईद के करीब आते ही सिलाई का काम बढ़ गया है। ऐसे में ग्राहकों को कपड़े समय पर मिल सकें, इसके लिए दिन-रात काम करना पड़ रहा है।
- निशा देवी।