ई रिक्शा जोन में चलाने का फैसला यूनियन को मंजूर नहीं
ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट्स वेल्फेयर यूनियन को उपायुक्त की ओर से ई-रिक्शा को जोनवार चलाने का फैसला मंजूर नहीं है। यह फैसला डीसी ने यूनियन को विश्वास में रखकर नहीं लिया है। 23 अक्तूबर तक नया आदेश नहीं आता है तो यूनियन की ओर से आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
यह बात यूनियन के चेयरमैन कर्ण बजीर सिंह, अध्यक्ष विजय चिब और श्री माता वैष्णो देवी ई-रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष गौरव कपूर ने प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि डीसी ने आदेश जारी करते हुए यूनियन को विश्वास में लेकर फैसला लेने की बात कही है।
इसमें अध्यक्ष चिब ने सफाई देते हुए कहा कि यूनियन की ओर से बैठक में नहीं गए थे। पहले उपायुक्त की ओर से एक कमेटी गठित की गई थी। इसके सदस्य के रूप में बैठक में शामिल हुए। यूनियन की ओर से कोई भी पदाधिकारी मौजूद नहीं था। फैसला यूनियन की सहमति से नहीं लिया गया है।
उधर, गौरव कपूर ने कहा कि फैसला ई-रिक्शा चालकों को आहत करने वाला है। इससे ई-रिक्शा चालकों को नुकसान होगा। इस मसले पर आरटीओ से मुलाकात की जाएगी। यूनियन ने मांग की कि 23 अक्तूबर तक फैसले में बदलाव किया जाए और राहत दी जाए।