उधमपुर। गर्मी बढ़ने के साथ देविकानगरी में बिजली व पानी का संकट बढ़ता जा रहा है। शहर में हर रोज पांच से छह घंटे बिजली कटौती की जा रही है। इसके कारण जल शक्ति विभाग शहरवासियों को आवश्यकतानुसार पेयजल उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।
तापमान में बढ़ोतरी हो रही के बीच बिजली विभाग ने शहर व ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती बढ़ा दी है। शहर में हर रोज पांच से छह घंटे की कटौती की जा रही है। कुछ दिन तो विभाग ने सात से आठ घंटे भी कटौती की है। बिजली बंद होने पर शहरवासियों को गर्मी के कारण पसीने में नहाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे जलापूर्ति पर भी असर पड़ रहा है।
शहर के आदर्श कॉलोनी, शिवनगर, बाड़यां, भारत नगर, जखैनी, सैला तालाब, दंदियाल, दलाह, संबल, डंगा, आदि इलाकों में लोगों को दो या तीन दिन के बाद पानी मिल रहा है। बिजली कटौती के कारण फिल्टरेशन प्लांट में पंपिंग व फिल्टरेशन का काम प्रभावित हो रहा है। इसी कारण जल शक्ति विभाग शहरवासियों को आवश्यकतानुसार पानी नहीं दे पा रहा। पीने के पानी के लिए शहरवासी बावलियों पर जाने को मजबूर हैं। वहीं, कई स्थानों पर लोग विभाग के क्षतिग्रस्त वाल्व से पानी भरकर गुजारा करने को मजबूर हैं।
जीवन सिंह, सूरम चंद, संजय सिंह, मुल्ख राज, आदि का कहना है कि शहर में पहली बार भीषण गर्मी में इस तरह का बिजली व पानी का संकट बना है। इससे जनजीवन प्रभावित है। बिजली बंद होने पर लोगों को पानी के लिए भी हर रोज मशक्कत करनी पड़ रही है। सरकार व प्रशासन को इस परेशानी को गंभीरता से लेकर जरूरी कदम उठाने चाहिए। ताकि, लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
------
स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के पास बिजली वितरण की व्यवस्था होती है। उनकी तरफ से ग्रिड स्टेशन को कटौती करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। मौजूदा समय में बिजली कटौती को रोकना पीडीडी के लिए संभव नहीं है। उम्मीद है कि कुछ दिनों में यह कटौती बंद कर दी जाए।
- संजय गुप्ता, एईई पीडीडी, उधमपुर
------
आवश्यकतानुसार बिजली न मिलने के कारण पानी की पंपिंग व फिल्टरेशन का काम प्रभावित हो गया है। इसी कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। साथ ही सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य के कारण भी पानी के पाइप क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनसे पानी रिस रहा है। फिर भी विभाग शहरवासियों तक पानी पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
- ताज चौधरी, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग, उधमपुर